जालंधर (राहुल अग्रवाल) –पंजाब में लगातार दूसरे दिन मौसम साफ रहा। सुबह धूप खिली। हालांकि सुबह-शाम ठंड रही। वेस्ट हिमालय की तरफ वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हुआ है। जिसके कारण अब आने वाले दिनों में पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। अगर स्नोफॉल होता है तो मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ जाएगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पंजाब के 7 जिलों अमृतसर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में धुंध का असर देखने को मिलेगा। 
वहीं साथ ही उत्तर भारत के अलग अलग राज्यों में सप्ताह के अंत में बारिश की संभावना बन रही है। इसी क्रम में पंजाब में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।चंडीगढ़ में प्रदूषण का स्तर लगातार कम हो रहा है। चंडीगढ़ में एक्यूआई 200 से कम दर्ज किया गया, जबकि बीते दिनों यहां प्रदूषण का स्तर 300 पार हो चुका था। वहीं, पंजाब में हालात लगातार एक जैसे बने हुए हैं। पंजाब के 5 जिले प्रदूषण की चपेट में हैं।
जालंधर में AQI 234
पंजाब में पटियाला सबसे प्रदूषित शहर बना हुआ है। यहां AQI 250 दर्ज किया गया। जबकि लुधियाना में AQI 245, अमृतसर में 241, मंडी गोबिंदगढ़ में 240 और जालंधर में AQI 234 दर्ज किया गया है।
अमृतसर में आज धुंध का अलर्ट जारी किया गया है। तापमान 12 से 26 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। जालंधर में आज हल्की धुंध का अलर्ट जारी किया गया है। तापमान 10 से 25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। लुधियाना में आज हल्की धुंध का अलर्ट जारी किया गया है। तापमान 11 से 26 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। पटियाला में आज हल्की धुंध का अलर्ट जारी किया गया है। तापमान 11 से 27 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है
