पंजाब (राहुल अग्रवाल) :- पंजाब के तनरतारन स्थित लॉ कॉलेज से बड़ी घटना की खबर है। जहां युवक ने पहले युवती को गोली मारी फिर खुद को भी शूट कर लिया। तरनतारन के गांव उसमां स्थित माई भागो लॉ कॉलेज में एक दिन पहले सोमवार को लॉ के छात्र प्रिंसराज सिंह ने अपनी क्लासमेट संदीप कौर (22) की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके तीन सेकंड के भीतर ही उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दोनों की वहीं मौत हो गई। कॉलेज में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद से हड़कंप मचा हुआ है।पुलिस की जांच में सामने आया है कि लड़की ने फ्रेंडशिप से इनकार किया तो प्रिंसराज ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया। घर से बैग में पिस्तौल रखकर कॉलेज पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद खुद को भी गोली मार ली।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह मामला एकतरफा प्यार का है। लड़का कई बार संदीप कौर को प्रपोज कर चुका था और दोस्ती के लिए दबाव डालता था। संदीप कौर की मां हरजिंदर कौर ने बताया कि उनके पति की मौत हो चुकी है। संदीप कौर लॉ की पढ़ाई करके जज बनना चाहती थी।
