जालंधर कैंट (राहुल अग्रवाल) : म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की बिल्डिंग ब्रांच ने आज शहर में अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अपनी जीरो-टोलरेंस नीति को जारी रखते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कॉर्पोरेशन की टीम ने बडिंग वार्ड नंबर 12 के अंतर्गत श्मशान भूमि के पास काटी जा रही एक अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। नगर निगम के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बडिंग में श्मशान भूमि के पास स्थित क्षेत्र में बिना किसी एप्रूवल और सीएलयू (CLU) के अवैध तरीके से कॉलोनी काटी जा रही है। विभाग द्वारा पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य जारी था। आज सुबह भारी पुलिस बल और निगम की डिमोलिशन टीम ने मौके पर पहुँचकर बन रही सड़कों, बाउंड्री वॉल और अवैध ढांचों को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के भीतर किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधानिकता और निगम से स्वीकृत नक्शों की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में उन्हें किसी प्रकार की कानूनी परेशानी या आर्थिक नुकसान का सामना न करना पड़े।
नगर निगम की यह सख्त कार्रवाई आने वाले दिनों में अन्य वार्डों में भी जारी रहने की संभावना है, जहाँ अवैध रूप से निर्माण कार्य चल रहे हैं।
