जालंधर (राहुल अग्रवाल) :- जालंधर पंजाब में एक सीट पर हो रहे उप चुनाव के प्रचार को लेकर आम आदमी पार्टी ने बड़ा फैसला किया है। AAP ने जालंधर वेस्ट हलके के उपचुनाव में प्रचार की कमान इस बार पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की बजाए दिल्ली के एक बड़े नेता को सौंप दी है।
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री भगवंत मान जालंधर में आम आदमी पार्टी के उपचुनाव प्रचार की कमान नहीं संभालेंगे। इस बार चुनाव प्रचार की कमान संगठन महासचिव और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक को सौंपी गई है। हालांकि, वह आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मोहिंदर भगत के प्रचार का चेहरा होंगे।
23 सांसद, मंत्री और विधायक की लगी ड्यूटी
मुख्यमंत्री भगवंत मान आखिरी दौर में प्रचार के लिए जालंधर आएंगे। CM मान से पहले दो सांसद, चार मंत्री और विधायक समेत 23 वरिष्ठ नेता मोहिंदर भगत के लिए प्रचार करने जालंधर आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने यह फैसला तब लिया है, जब लोकसभा चुनाव में उसे 13 में से 10 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है।
पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ मोहिंदर भगत और अतुल भगत
आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव में प्रचार की कमान पूरी तरह से मुख्यमंत्री भगवंत मान के हाथ में थी। लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए तैयार किए गए नारे- संसद में भी भगवंत मान- में भी मुख्यमंत्री का नाम जोड़ा गया था। इसके बाद भी आम आदमी पार्टी को फायदा नहीं मिल सका।
हर वार्ड में एक मंत्री नियुक्त
जालंधर वेस्ट के उप चुनाव में सांसदों, मंत्रियों और विधायकों सहित 23 नेताओं की ड्यूटी लगी है। जालंधर वेस्ट हलके में पड़ने वाले 23 वार्डों में सांसद, मंत्री और विधायकों को प्रभारी बनाया गया है।
अभियान का नेतृत्व करने के लिए चुने गए मंत्रियों में कुलदीप धालीवाल, लालजीत सिंह भुल्लर, डॉ. बलजीत कौर और लाल चंद कटारुचक हैं। इनके अलावा नए चुने गए सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर और मालविंदर कांग भी इस टीम का हिस्सा हैं