Tuesday, April 28
Shadow

वार्ड नंबर 14 के पार्षद मोंटू सभरवाल के खिलाफ शिव एंक्लेव निवासियों का फूटा गुस्सा; वादे निकले खोखले

Share Please

जालंधर कैंट (राहुल अग्रवाल) :-  दीप नगर वार्ड नंबर 14 के शिव एंक्लेव इलाके में विकास कार्यों की कमी और बुनियादी समस्याओं के अंबार ने स्थानीय निवासियों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। क्षेत्र के लोगों ने स्थानीय पार्षद मोंटू सभरवाल पर जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने और चुनावी वादों से मुकरने का गंभीर आरोप लगाया है। इलाका निवासियों का कहना है कि चुनाव के समय पार्षद मोंटू सभरवाल ने बड़े-बड़े दावे किए थे कि जीत के तुरंत बाद शिव एंक्लेव की तस्वीर बदल दी जाएगी। लेकिन आज स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। सुधार के नाम पर एक भी ईंट नहीं लगाई गई है, जबकि इलाके में अवैध निर्माण धड़ल्ले से चल रहे हैं। स्थानीय लोगों में सबसे ज्यादा नाराजगी मंदिर के ठीक सामने बन रहे एक चार मंजिला अवैध पीजी को लेकर है। निवासियों का आरोप है कि रिहायशी इलाके और धार्मिक स्थल के पास इस तरह के अवैध व्यावसायिक निर्माण को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र की शांति और सुरक्षा भंग होने का खतरा है। क्षेत्र की समस्याएं जिन्होंने लोगों का जीना दूभर कर दिया है : सीवरेज की समस्या: गलियों में सीवरेज पूरी तरह ब्लॉक हैं और हर समय लीकेज की समस्या बनी रहती है। शिक्षा और स्वास्थ्य पर असर: गंदा पानी सड़कों पर जमा होने के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। बीमार बुजुर्गों को घर से बाहर निकालना या अस्पताल ले जाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। दुर्घटनाओं का डर: टूटी हुई गलियों और खुले सीवरेज के कारण आए दिन राहगीर चोटिल हो रहे हैं और एक्सीडेंट का खतरा बना रहता है। शिव एंक्लेव के निवासियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि जल्द ही इन अवैध निर्माणों पर रोक नहीं लगाई गई और सीवरेज व सड़कों का सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे नगर निगम प्रशासन और पार्षद के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Call Us