जालंधर छावनी: (राहुल अग्रवाल) श्री बाँके बिहारी मण्डल (रजि.), जालंधर छावनी के तत्वावधान में आयोजित होने वाली वार्षिक दिव्य धार्मिक यात्रा कल शाम अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ गंतव्य के लिए रवाना हो गई। आस्था, भक्ति और आनंद के इस अनूठे संगम में शामिल होने के लिए जालंधर और आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु श्री बड़ा मन्दिर, मोहल्ला नम्बर 10, जालंधर कैंट पर एकत्रित हुए, जहाँ से मुख्य अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर सुपर डीलक्स एसी बस को रवाना किया गया। इस पावन यात्रा का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को राजस्थान के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाना है, जिसमें श्री खाटूश्याम जी, श्री सालासर बाला जी, श्री अंजनी माता मंदिर और सरदार शहर स्थित श्री इच्छापूर्ण बाला जी मंदिर शामिल हैं।
मंडल द्वारा श्रद्धालुओं के लिए रहने, शुद्ध शाकाहारी भोजन तथा परिवहन की सर्वसुविधायुक्त एवं आरामदायक व्यवस्था ‘साँवरिया भवन’ में की गई है। यह दिव्य यात्रा 07 जून 2026 (रविवार) शाम 6:00 बजे प्रस्थान कर चुकी है और 10 जून 2026 (बुधवार) सुबह 5:00 बजे तक वापस लौटेगी। गणमान्य अतिथियों एवं आयोजकों की उपस्थिति:
यात्रा के रवानगी अवसर पर भाजपा मंडल 13 के अध्यक्ष प्रोफेसर कंवर सरताज सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने मण्डल के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए सभी यात्रियों को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पंडित सुनील कुमार शर्मा जी ने वैदिक मंत्रोचारण के साथ बस का पूजन करवाया और सभी के कल्याण एवं सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मण्डल के प्रमुख सेवादारों — राहुल जिंदल, मनीष जिंदल, विष्णु अग्रवाल, अंकुश गुप्ता, मन्नू जिंदल, पंकज, हरविंदर पप्पू, विपिन, और राज कुमार का विशेष योगदान रहा, जो पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखेंगे। मण्डल के मुख्य सेवादार राहुल जिंदल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहद किफायती सहयोग राशि (₹3900/- प्रति व्यक्ति) में इस संपूर्ण यात्रा (आना-जाना, रहना और शुद्ध शाकाहारी भोजन) का ताना-बाना बुना गया है ताकि सभी भक्त बाबा के दरबार में सुगमता से हाजिरी लगा सकें।
