नेपाल (राहुल अग्रवाल) नेपाल में शुक्रवार रात तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। रात करीब 11.30 बजे 6.4 की तीव्रता से आए भूकंप से भारी तबाही हुई है। इसमें अबतक 128 लोगों की मौत हो गई है। अभी यह आंकड़ा बढ़ने की उम्मीद है। वहीं मलबे में दबने के कारण कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए। जिन्हें इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया है। बता दें कि भूकंप का केंद्र काठमांडू से 331 किमी उत्तर-पश्चिम में 10 किमी जमीन के नीचे था। वहीं नेपाल में दो जिले इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इनमें रुकुम पश्चिम में 36 और 105 लोगों ने जाजरकोट में जान गंवाई। वहीं भूकंप का असर भारत में भी देखने को मिला। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और बिहार की राजधानी पटना में झटके महसूस किए गए।इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में भूकंप के कारण हुए जान-माल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर लिखा कि नेपाल में भूकंप के कारण हुए जान-माल के नुकसान को लेकर बहुत दुखी हूं। भारत नेपाल के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है और हर संभव मदद मुहैया कराने के लिए तैयार है। हम शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।